जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पार से इस तरफ घुसपैठ करने वाले पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक युगल मन्हास ने बताया कि नियंत्रण रेखा (एलओसी) की निगरानी में तैनात सतर्क सेना के जवानों ने नौशेरा सेक्टर के एक क्षेत्र में एक व्यक्ति को भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश करते हुए देखा।
उन्होंने बताया कि व्यक्ति को चेतावनी दी गई और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना अपराह्र में हुई। मन्हास ने बताया कि व्यक्ति को उसकी चिकित्सा जांच समेत आवश्यक औपचारिकताओें के लिए नौशेरा पुलिस थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान गिरफ्तार किये गये व्यक्ति की पहचान पीओके के भीमबेर जिले में समहनी तहसील के चाई नाला गांव निवासी तारिक महमूद के रूप में हुई है। मन्हास ने बताया कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामले का संज्ञान लिया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि घुसपैठिये के पास से कोई हथियार या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं की गई है।


Download Android App
Download iOS App



