जम्मू-कश्मीर में लगातार बढ़ रही पुलिसकर्मियों के अपहरण की घटनाओं के बीच प्रदेश के पुलिस प्रमुख एसपी वैद्य को बृहस्पतिवार देर रात उनके पद से हटा दिया गया। पुलिस महानिदेशक (कारागार) दिलबाग सिंह को राज्य के पुलिस प्रमुख का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। एसपी वैद को ट्रांसपोर्ट कमिश्नर बनाया गया है।
माना जाता है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय जम्मू-कश्मीर में लगातार बढ़ रही आतंकी वारदातों से निपटने के तरीके को लेकर डीजीपी एसपी वैद से बेहद नाराज था। यही कारण था कि केंद्र सरकार ने उन्हें हटाने के संकेत भी दिए थे और नवनियुक्त राज्यपाल सतपाल मलिक से कश्मीर में बेकाबू होते हालात के मसले पर विचार करने को कहा था। हालांकि, एक सवाल के जवाब में गृह मंत्रालय ने वैद को हटाने की संभावना से साफ इनकार कर दिया था, लेकिन अब उनके हटाए जाने के केंद्र सरकार के फैसले से इस बात की भी पुष्टि हो जाती है कि सरकार पहले से ही उन्हें हटाने की तैयारी में थी।
जम्मू-कश्मीर कैडर के 1984 बैच के आईपीएस अधिकारी एसपी वैद पर राज्य में लगातार बढ़ती किडनैपिंग की घटनाओं के बाद सवाल उठने लगे थे। हाल ही में पुलिसकर्मियों के 11 संबंधियों की आतंकियों द्वारा किए गए अपहरण के बाद वैद को पद से हटाने की बातें तेज हो चली थीं। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एसपी वैद के रवैये से केंद्रीय गृह मंत्रालय सख्त नाराज था।
जम्मू कश्मीर पुलिस महानिदेशक पद के लिए तीन नामों की चर्चा जोरों पर है। इसमें पहला नाम जम्मू-कश्मीर मुख्यालय के स्पेशल डीजी बीके सिंह, दूसरा नाम दिल्ली स्थित नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल में तैनात एसएम सहाय और तीसरा नाम जम्मू-कश्मीर के महानिदेशक जेल दिलबाग सिंह का है। फिलहाल, दिलबाग सिंह को जम्मू कश्मीर का अतिरिक्त डीजीपी बनाया गया है।


Download Android App
Download iOS App



