जम्मू-कश्मीर : मोदी की यात्रा के मद्देनजर अलगाववादी नेता नजरबंद 

Summary :

NULL

श्रीनगर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के मद्देनजर अलगाववादी नेता मीरवाइज उमर फारूक और सैयद अली शाह गिलानी को आज नजरबंद कर दिया गया। इन अलगावादी नेताओं ने लोगों से लाल चौक की तरफ जुलूस निकालने का आह्वान किया था, जिसके बाद शहर के कुछ हिस्सों में प्रतिबंध लगा दिए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस गिलानी के हैदरपुरा स्थित आवास और फारूक के नसीम बाग इलाके में स्थित घर पर पहुंची और एहतियात के तौर पर उन्हें नजरबंद करने के जम्मू – कश्मीर प्रशासन के फैसले से उन्हें अवगत कराया। घाटी में सुरक्षा बलों की कथित हिंसा के खिलाफ अलगाववादियों ने शहर के बीचोबीच स्थित लाल चौक तक जूलूस निकालने का आह्वान किया था।

शुक्रवार के अपने संबोधन में फारूक ने कहा था कि घाटी में आतंक – रोधी अभियानों पर एक महीने तक लगी रोक पर्याप्त नहीं है। फारूक ने केंद्र सरकार से पाकिस्तान और कश्मीर के लोगों खासकर अलगाववादी समूहों के साथ संवाद प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही अफ्सपा जैसे कड़े कानून को हटाने की अपील की। अधिकारी ने बताया कि लाल चौक पहुंचने के सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। प्रधानमंत्री आज दोपहर बाद यहां आएंगे जिसके कारण कल रात से ही पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team