जम्मू-कश्मीर: कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रियों पहला जत्था रवाना

Summary :

अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना होने के वक्त श्रद्धालुओं ने कहा कि वे काफी खुश हैं। उन्हें किसी बात का कोई डर नहीं है। सभी सुरक्षा व्यवस्था बेहतर है।

अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था बुधवार की सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हो गया। जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रमण्यम, राज्यपाल एनएन वोहरा के सलाहकार बी.बी. व्यास और विजय कुमार ने जत्थे को हरी झंडी दिखाई और यहां के आधार शिविर से रवाना किया।

amarnath yatra

यह जत्था आज गांदेरबल स्थित बालटाल और अनंतनाग स्थित नुनवाल, पहलगाम आधार शिविर पहुंचेगा और उसके बाद यात्री वहां से तीन हजार 880 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित बाबा अमरनाथ के गुफा के लिए रवाना होगें। जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक एस डी सिंह जामवाल ने कहा कि शांतिपूर्ण यात्रा के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं और सामा पार के किसी भी नापाक इरादे को नाकाम करने के लिए सुरक्षाबल के जवान पूरी तरह तैयार हैं।

जत्थे में 1554 पुरुष,320 महिलाओं और 20 बच्चों समेत कुल 1904 यात्री शामिल हैं। यात्री सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर आश्वस्त हैं। अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना होने के वक्त श्रद्धालुओं ने कहा कि वे काफी खुश हैं। उन्हें किसी बात का कोई डर नहीं है। सभी सुरक्षा व्यवस्था बेहतर है। हर साल सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की जाती है।

बता दें कि दक्षिण कश्मीर के पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन वास्ते वार्षिक यात्रा के लिए दो लाख से ज्यादा तीर्थयात्रियों ने पंजीकरण कराया है। यह यात्रा इस गुरूवार से शुरू हो रही है।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team