Jammu Kashmir: आतंकियों के हमले से फिर दहली घाटी, श्रीनगर में पुलिसकर्मी की गोली मारकर की हत्या

Summary :

श्रीनगर के बटमालू इलाके में आतंकियों ने एक पुलिस कर्मी की गोलीमार कर हत्या कर दी। पुलिस कर्मी पीसीआर में तैनात था। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है

श्रीनगर के बटमालू इलाके में आतंकियों ने एक पुलिस कर्मी की गोलीमार कर हत्या कर दी। पुलिस कर्मी पीसीआर में तैनात था। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है। आतंकियों की तलाश की जा रही है। इससे पहले कुलगाम जिले में रविवार शाम आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड से हमला किया। हालांकि अभी तक किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम 6:25 बजे कु लगाम जिले के नेहामा चौक पर सीआरपीएफ की 18वीं बटालियन के एक दल पर आतंकियों ने ग्रेनेड फेंका जो सड़क किनारे फट गया। घटना के बाद पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। पुलिस कॉन्स्टेबल की पहचान तौसिफ अहमद के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया, “रात करीब आठ बजे, आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के कॉन्स्टेबल तौसिफ अहमद पर बटमालू स्थित एसडी कॉलोनी में उसके आवास के पास गोलियां चलाईं।” उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए यहां एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 नेशनल कॉन्फ्रेंस ने हमले की निंदा 

इस बीच, नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने हमले की निंदा की है। पार्टी ने ट्वीट किया, “श्रीनगर के बटमालू में 29 वर्षीय पुलिसकर्मी पर किए गए कायरतापूर्ण हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं जिसमें उसने अपनी जान गंवा दी। निंदा के लिए शब्द पर्याप्त नहीं होंगे. अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दे. दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।”
अक्टूबर में कश्मीर घाटी में आतंकवादियों ने 11 आम नागरिकों की हत्या
इससे पहले अक्टूबर में कश्मीर घाटी में आतंकवादियों ने 11 आम नागरिकों की हत्या कर दी थी। जिसमें स्कूल के शिक्षक, दूसरे राज्य के मजदूर और दवाई दुकानदार भी शामिल थे। रविवार को शोपियां जिले में एक अस्पताल से ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ के एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि टीआरएफ का एक सक्रिय आतंकवादी जिला अस्पताल में इलाज करा रहा है। आतंकवादी की पहचान शोपियां के हरमैन इलाके के रहने वाले सोहैल अहमद लोन के रूप में की गई है।
अधिकारी ने बताया, “उसे हिरासत में लिया गया और नाजुक हालत में श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।” उन्होंने बताया कि आतंकवादी की गर्दन पर गोली का जख्म है. पुलिस उसके घायल होने के पीछे की वजह का पता लगा रही है।

Desk Team