Jammu Kashmir Snowfall: श्रीनगर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही हल्की से मध्यम बर्फबारी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बर्फबारी की वजह से कई रास्ते बंद हो गए हैं और हवाई सेवाओं में फ्लाइटें भी कैंसिल हो रही हैं।
बर्फबारी के कारण शुक्रवार सुबह से श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एयरसाइड पेवमेंट पर बर्फ जमा हो गई, जिससे हवाई परिचालन में बाधा उत्पन्न हुई। हालात को सामान्य बनाने के लिए बॉर्डर रोड्स ऑर्गेनाइजेशन की टीमें ऑपरेशनल एरिया में बर्फ हटाने का कार्य लगातार कर रही हैं, ताकि रनवे को उड़ानों के लिए सुरक्षित बनाया जा सके।
Flight Cancellations: कुल 50 उड़ानें रद्द

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। श्रीनगर एयरपोर्ट पर लगातार हो रही बर्फबारी के चलते आज कई उड़ानों का संचालन बाधित हुआ। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार, अब तक कुल 50 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिनमें 25 आने वाली और 25 जाने वाली फ्लाइट्स शामिल हैं।
Jammu Kashmir Road Blocks: बर्फ़बारी के कारण कई राजमार्ग बंद

वहीं, बर्फबारी का सबसे अधिक असर सड़क यातायात पर देखने को मिल रहा है। किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग एनएच-244 और उसके आसपास भारी बर्फ जमा होने के कारण जम्मू-श्रीनगर कई राजमार्ग को भी एहतियातन बंद कर दिया गया है। फिलहाल जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू की ओर किसी भी प्रकार के वाहन की आवाजाही की अनुमति नहीं है। इसके अतिरिक्त मुगल रोड, सिंथन रोड और एसएसजी रोड पहले से ही बंद पड़े हैं, जिससे कश्मीर घाटी का सड़क संपर्क लगभग ठप हो गया है।
प्रशासन ने यात्रियों से की अपील

प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सख्त सलाह दी है कि जब तक सभी सड़कें पूरी तरह साफ नहीं हो जातीं और उन्हें ट्रैफिक के लिए सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक अनावश्यक यात्रा से बचें। यात्रियों और आम नागरिकों से यह भी अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
Srinagar Latest News: सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी सक्रियता बढ़ा दी है। किसी भी प्रकार की सहायता या ताजा जानकारी के लिए लोग ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट श्रीनगर के हेल्पलाइन नंबर 0194-2450022, 2485396, 18001807091 या 103 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं रामबन क्षेत्र के लिए टीसीयू रामबन के नंबर 9419993745 और 1800-180-7043 जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मौसम में सुधार होते ही सड़कों और हवाई सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App




