जम्मू-कश्मीर के त्राल में सेना के कैंप पर आतंकियों का हमला, बडगाम में SPO को मारी गोली

Summary :

एक सप्ताह में त्राल में यह सुरक्षाबलों के ठिकाने पर हमले की तीसरी घटना है। इससे पहले सेना व सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमला कर चुके हैं।

जम्मू कश्मीर में शनिवार की रात आतंकियों ने सेना के कैंप समेत दो स्थानों पर हमला किया। आतंकियों ने रविवार को त्राल में सेना के कैंप पर हमले को अंजाम दिया गया तो वहीं बडगाम में SPO को गोली मार दी। दोनों घटनाओं के बाद पूरे इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया। दक्षिणी कश्मीर के त्राल में शनिवार रात करीब 10.40 बजे आतंकियों ने सेना के कैंप पर हमला किया।

बाजवानी इलाके में 42 राष्ट्रीय राइफल्स कैंप पर आतंकियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकी भाग निकले। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। एक सप्ताह में त्राल में यह सुरक्षाबलों के ठिकाने पर हमले की तीसरी घटना है। इससे पहले सेना व सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमला कर चुके हैं।

उधर मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के चरार ए शरीफ में आतंकियों ने देर रात एसपीओ मोहम्मद हफीज को गोली मार दी। घटना चारवानी गांव की है। घायल एसपीओ, एसडीपीओ कार्यालय चरार ए शरीफ में तैनात हैं। घायल होने के बाद उन्हें तत्काल श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Desk Team