जम्मू कश्मीर के डोडा जिले के जंगलों में चलाए गए संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के पांच लाख रुपये के एक इनामी आतंकवादी को बुधवार को गिरफ्तार किया गया।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कित्र विश्वसनीय जानकारी के आधार पर जमाल-उद-दीन गुज्जर उर्फ अबु बकर को ठठरी इलाके के फागसू जंगल में पुलिस और 26 राष्ट्रीय रायफल्स के संयुक्त अभियान में पकड़ लिया गया।
उसके पास से एक एके-47 रायफल और मैगजीन बरामद की गई है। वह बीते एक साल से किश्तवाड़ में आतंकवादी गतिविधियां चला रहा था।
अधिकारी ने बताया कि वह सरवन के जंगलों में हुई मुठभेड़ में घायल हुआ था और तब से जंगलों में ही रह रहा था।
किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों की हाल के दिनों की पहली बड़ी उपलब्धि है। इस जिले को एक दशक पहले ही आतंकवाद से मुक्त घोषित कर दिया गया था, लेकिन गत एक नवम्बर को भाजपा के राज्य सचिव अनिल परिहार और उनके भाई अजित परिहार की हत्या से यहां सनसनी फैल गई थी।
इसके बाद नौ अप्रैल को आरएसएस के एक वरिष्ठ नेता चंद्रकांत शर्मा और उनके सुरक्षा गार्ड की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।
जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक एम के सिन्हा ने हाल ही में कहा था कि यहां कम से कम दस स्थानीय आतंकी-आठ हिज्बुल मुजाहिदीन के और लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकी सक्रिय हैं।


Download Android App
Download iOS App



