पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)‘‘सांप्रदायिक विभाजन और नफरत’’ के अपने एजेंडे के लिए आपराधिक तत्वों का इस्तेमाल कर रही है।
महबूबा ने ट्वीट किया, ‘‘ पहले उदयपुर हत्याकांड का आरोपी और अब राजौरी में पकड़ा गया लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी, दोनों के भाजपा से सक्रिय संबंध रहे हैं। सत्तारूढ़ पार्टी सांप्रदायिक विभाजन और नफरत के अपने एजेंडे के लिए आपराधिक तत्वों का इस्तेमाल कर रही है, चाहे वे गौरक्षक हों या आतंकवादी।’’
उन्होंने कहा कि अगर इन आरोपियों के संबंध किसी विपक्षी नेता से होते तो अभी तक कई प्राथमिकियां दर्ज हो चुकी होतीं। महबूबा ने कहा, ‘‘सोचिए अगर इनमें से कोई अपराधी किसी विपक्षी नेता से जुड़ा होता। अभी तक गई प्राथमिकियां दर्ज हो चुकी होतीं और गोदी मीडिया विपक्ष को बदनाम करने के लिए इस खबर को ‘प्राइम टाइम’ पर चलाता।’’
गौरतलब है कि आतंकवादी तालिब हुसैन शाह को ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने तथा पुलिस को सौंपे जाने की खबर आते ही भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख रविंदर रैना के साथ उसकी कथित तस्वीरें और पार्टी के कार्यक्रमों में उसकी कथित भागीदारी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगीं। इसके अलावा, उदयपुर में दर्जी की हत्या के आरोपी रियाज अख्तरी के भी भाजपा से कथित संबंध होने की खबरें आई थीं।
भाजपा ने अख्तरी से संबंध होने की खबरों को खारिज किया है। वहीं, उसने दावा किया है कि लश्कर के आतंकवादी तालिब हुसैन ने मई में पार्टी में शामिल होने के 18 दिन बाद ही इस्तीफा दे दिया था।


Download Android App
Download iOS App



