महबूबा ने CRPF द्वारा की जा रही चेकिंग पर जताई नाराजगी, कहा- BJP के लिए महिलाएं और बच्चे भी संदिग्ध

Summary :

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों ने केंद्र शासित प्रदेश को दशकों पीछे कर दिया है।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों ने केंद्र शासित प्रदेश को दशकों पीछे कर दिया है। पूर्ववर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री रह चुकीं महबूबा ने सोशल मीडिया पर उन तस्वीरों और वीडियो के वायरल होने के बाद यह टिप्पणी की, जिसमें सुरक्षा बल लाल चौक और शहर के अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में औचक निरीक्षण के दौरान महिलाओं और नाबालिगों की तलाशी लेते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने ट्वीट किया,‘‘कश्मीर में मौजूदा स्थिति का अंदाजा लगाइए, जहां महिलाएं और यहां तक की बच्चे भी अब संदिग्ध हैं। भाजपा ने जम्मू-कश्मीर का यह हाल कर दिया है। उनकी नीतियों ने हमें दशकों पीछे कर दिया है।’’ आतंकवादियों द्वारा हाल ही में केन्द्र शासित प्रदेश के बाहर के मजदूरों सहित आम नागरिकों की हत्या यानी टारगेट किलिंग की घटनाओं के बाद शहर और घाटी की अन्य जगहों पर जांच बढ़ा दी गई है।

बता दें कि कश्मीर में पिछले कुछ समय से ऐसे भयावह हालात बन गए हैं कि वहां कोई गैर कश्मीरी रुकना नहीं चाहता। वहीं जम्मू कश्मीर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि महबूबा का यह ट्विट ऐसा साबित कर रहा है कि जैसे यह पहला मौका है जब देश के किसी कोने में महिला सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर वहां महिला व बच्चों की तलाशी ली जा रही हो। लेकिन ऐसा नहीं है कई जगहों पर जैसे रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट या अन्य संवेदनशील इलाकों में ऐसा होता आया है।

Desk Team