35-A और Article 370 मामलें पर महबूबा मुफ्ती ने दी धमकी

Summary :

पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले 35-A और Article 370 की वकालत करते हुए धमकी दी है

जामू कश्मीर : पूर्व मुख्यमंत्री व पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले 35-A और Article 370 की वकालत करते हुए धमकी दी है कि यदि यह खत्म हुआ तो भारत के साथ राज्य के रिश्ते खत्म हो जाएंगे। मुफ्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि वे पड़ोसी देश पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ बेहतर संबंध स्थापित करें। मुफ्ती ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तरह कश्मीर मुद्दे को देखें जिससे घाटी में शांति व्यवस्था कायम हो सके।

महबूबा ने कहा, ”मैं, प्रधानमंत्री से अपील करती हूं कि वे पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री के साथ बातचीत का सिलसिला दोबारा शुरु करें जहां से पूर्व प्रधनमंत्री वाजपेयी ने छोड़ा था। तभी घाटी में जारी हिंसा का खात्मा हो सकेगा। इससे पहले भी महबूबा मुफ्ती कश्मीर में केंद्र सरकार से अटल नीति पर चलने की अपील कर चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था कि हम युद्ध की मुद्रा में कब तक रह सकते हैं। वार्ता शांति लाने का एकमात्र समाधान है। पाकिस्तान द्वारा 1999 में कारगिल आक्रमण करने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के पास बड़ा युद्ध करने के सभी कारण थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।

उन्होंने कहा कि इसके बाद संसद हमला हुआ। फिर भी उन्होंने धैर्य को चुना और कहा कि मित्र बदले जा सकते हैं, पड़ोसी नहीं। उन्होंने 1947 के शरणार्थियों के कार्यक्रम को यहां संबोधित करते हुए यह बात कही। मुफ्ती के मुताबिक पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने घोषणा की कि पाकिस्तान की भूमि का उपयोग भारत के विरुद्ध नहीं करने दिया जाएगा, जिसके परिणामस्वरूप जम्मू कश्मीर में आतंकवाद में कमी आई। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि केंद्र सरकार को भी इसी दिशा में सोचना चाहिए ताकि पाकिस्तान को उस स्तर पर लाया जा सके जैसा कि वाजपेयी के काल में देखा गया।

Desk Team