जम्मू & कश्मीर की राजधानी श्रीनगर और लद्दाख क्षेत्र सहित कश्मीर संभाग में अधिकांश स्थानों पर कल मौसम की सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग ने आने वाले हफ्ते में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि पूरे कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। कुछ स्थानों पर कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी और कई जगह इस मौसम का सबसे न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि काजीकुंड, कोकेरनाग और कुपवाड़ शहरों में भी मौसम की सबसे सर्द रात रही। अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में स्थित काजीकुंड का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि उत्तर कश्मीर में कुपवाड़ का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तर कश्मीर में स्थित गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर में लद्दाख क्षेत्र में स्थित करगिल का न्यूनतम तापमान शून्य से 18.8 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि लेह शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 15.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



