जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कश्मीर घाटी के उपायुक्तों को निर्देश दिया कि वे लोगों के पास जाएं और उनकी राशन,दवा और अन्य दैनिक जरूरतों की जानकारी लेकर उन्हें शीघ्रता से पूरा करें। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र द्वारा जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा वापस लेने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने के फैसले के बाद से मलिक रोजाना प्रशासन से हालात की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने गुरुवार रात सुरक्षा हालात की समीक्षा की।
राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल ने घाटी के जिलों में तैनात उपायुक्त और अन्य अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की राशन, दवा और अन्य जरूरतों की जानकारी लेकर उन्हें शीघ्रता से पूरी करने का निर्देश दिया। राज्यपाल ने उनसे कम से कम 20 परिवारों से मिलने और उनकी समस्या का हल करने को कहा।
लगभग 25 अलगाववादियों को श्रीनगर से आगरा ले जाया गया
प्रवक्ता ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की बिक्री के लिए विशेष वैन लगाई गई हैं। अधिकारियों को मुनाफाखोरों और व्यापार में गलत तरीके अपनाने वालों पर नजर रखने को कहा गया है। राज्यपाल ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि वे लोगों तक जाएं और पता लगाएं कि कहीं कोई ऐसा मरीज तो नहीं है जिसे त्वरित आधार पर चिकित्सा सेवा की जरूरत है।
उन्होंने जरूरतमंद मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एम्बुलेन्स की व्यवस्था करने को भी कहा है। जिन लोगों के बच्चे राज्य से बाहर हैं उनसे बात करने की सुविधा देने के लिए उपायुक्तों को जिला मुख्यालय में टेलीफोन हेल्पलाइन बनाने का निर्देश दिया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर के उपायुक्त कार्यालय का हेल्पलाइन नंबर 9419028242 और 9419028251 है।


Download Android App
Download iOS App



