उमर अब्दुल्ला ने चुनाव में जीत पर ममता बनर्जी, पिनराई विजयन, एम के स्टालिन को दी बधाई

Summary :

नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की ”उल्लेखनीय जीत” पर रविवार को पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा और ”पूर्णत: पक्षपातपूर्ण” निर्वाचन आयोग ने उनके खिलाफ पूरी ताकत लगा दी लेकिन वह सफल रहीं।

अब्दुल्ला ने ट्विटर पर लिखा, “ममता दीदी और तृणमूल कांग्रेस के सभी सदस्यों को पश्चिम बंगाल में शानदार जीत के लिये हार्दिक बधाई। भाजपा और पूर्णत: पक्षपातपूर्ण निर्वाचन आयोग ने उनके खिलाफ पूरी ताकत लगा दी लेकिन वह सफल रहीं। अगले पांच साल के लिये शुभकामनाएं।” 
उमर ने केरल विधानसभा चुनावों के नतीजों के लिये प्रदेश के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को भी बधाई दी। 
उन्होंने ट्वीट किया, “केरल में आज शानदार जीत के लिये पिनराई विजयन को बधाई। केरल के मतदाताओं ने शासन और सामाजिक सुरक्षा प्रेरित विकास के आपके मॉडल को पुरस्कार दिया है। अगले कार्यकाल के लिये बधाई।” 
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने इस बीच द्रमुक नेता एम के स्टालिन को भी तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी की जीत के लिये बधाई दी। 
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता ने कहा, “तमिलनाडु में द्रमुक गठबंधन को जीत दिलाने के लिये बधाई एम के स्टालिन जी। अगले पांच सालों में आपके नेतृत्व से तमिलनाडु के लोगों को काफी फायदा होगा।” 

Shera Rajput