सिद्धू के इस्तीफे पर उमर अब्दुल्ला का तंज, कहा- पंजाब में खुद की मदद नहीं कर सकती कांग्रेस

Summary :

उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर लिखा, “एक ऐसा राज्य जहां कांग्रेस की सरकार है और वह अपनी ही मदद नहीं कर सकती। मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी उसे चौतरफा घेर रही है।”

नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष एवं जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार है लेकिन इसके बावजूद वह यहां खुद की मदद नहीं कर सकती। अब्दुल्ला ने कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस उस राज्य में भी अपनी स्वयं की मदद नहीं कर पा रही, जहां वह सत्तारुढ़ है। 
उमर अब्दुल्ला ने माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा, “एक ऐसा राज्य जहां कांग्रेस की सरकार है और वह अपनी ही मदद नहीं कर सकती। मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी उसे चौतरफा घेर रही है।” 

उल्लेखनीय है कि नवजोत सिंह सिद्धू ने गत 10 जून को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजा इस्तीफा रविवार को अपने ट्विटर पर पोस्ट किया है। सिद्धू ने ट्विटर पर पोस्ट किए गए अपने पत्र में लिखा, “मैं पंजाब कैबिनेट से मंत्री के तौर पर इस्तीफा देता हूं।” मंत्रालय में बदलाव के बाद सिद्धू ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस्तीफे पर इसके एक दिन बाद की तिथि लिखी है। उन्होंने एक अन्य ट्वीट किया कि वह मुख्यमंत्री को भी अपना इस्तीफा भेजेंगे। 

बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने छह जून को सिद्धू से स्थानीय निकाय और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग वापस ले लिए थे और उन्हें ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग का प्रभार सौंपा था। 
कैबिनेट में फेरबदल के दो दिन बाद आठ जून को सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा गठित मंत्रणा समूहों से भी सिद्धू को बाहर रखा गया था। मुख्यमंत्री के साथ गतिरोध की स्थिति होने के कारण कैबिनेट फेरबदल के एक महीने बाद भी सिद्धू ने अपना नया प्रभार नहीं संभाला था। 

Desk Team