नाबालिग दुष्कर्म मामले में उमर अब्दुल्ला का सहवाग पर तंज

Summary :

NULL

नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू में आठ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले पर चुप रहने और चोरी के आरोप में केरल के एक व्यक्ति के मारे जाने पर ट्वीट को लेकर पूर्व क्रिकेट कप्तान वीरेंद्र सहवाग पर तंज कसा है।

माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ट्विटर के बादशाह माने जाने वाले अब्दुल्ला ने आज ट्वीट किया,’ केरल में जो हुआ वह बेहद अमानवीय और घिनौना कृत्य है, लेकिन आठ साल की आसिफा के साथ हुए दुष्कर्म और उसकी हत्या की भर्त्सना करने वाला आपका (सहवाग) ट्वीट कहां है? क्या इस घटना ने आपको शर्मसार नहीं किया?’

सहवाग ने ट्वीट किया था,’एक किलोग्राम के चावल की चोरी को लेकर आदिवासी मधु की पीट-पीट कर हत्या की गयी, जो सभ्य समाज के लिए बेहद लज्जाजनक है। मैं शर्मसार महशूश कर रहा हूं कि ऐसी घटनाएं होती हैं और कुछ फर्क नहीं पड़ता।’

उल्लेखनीय है कि 8 साल की मासूम का शव करीब एक सप्ताह के बाद जम्मू के कठुआ के जंगल से बरामद किया गया। इस घटना को लेकर घाटी में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। इस सिलसिले में विशेष पुलिस अधिकारी दीपक खजुरिया को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना की जम्मू कश्मीर पुलिस जांच कर रही है जिसकी हिन्दू एकता मंच केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराये जाने की मांग कर रही है।

मंच ने मांग की है कि विशेष पुलिस अधिकारी को रिहा करके इस मामले को सीबीआई को सौंपा जाये। मुख्यमंत्री मुफ्ती महबूबा ने एसपीओ की रिहाई के लिए प्रदर्शन और इस मामले को सीबीआई को सौंपने जाने की मांग पर आश्चर्य व्यक्त किया। अब्दुल्ला ने इस मसले पर ट्वीट किया है कि नाबालिग दुष्कर्म की घटना की जांच जम्मू कश्मीर पुलिस कर रही है, अगर सुश्री महबूबा इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने पर राजी हो जाती हैं तो इसे मुख्यमंत्री की कुर्सी की कीमत चुकाने का उनकी एक और‘भेंट’मानी जायेगी।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।

Desk Team