सोपोर में आतंकी हमले की उमर ने की निंदा, महबूबा बोली- दिल्ली के बंदूक से कश्मीर का मसला नहीं होगा हल

Summary :

वहीं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने एक ट्वीट में बंदूक के इस्तेमाल की भर्त्सना करते हुए कहा, ‘‘ चाहे वह दिल्ली की बंदूक हो या हमारे युवाओं ने हथियार उठाए हों, यह कश्मीर मुद्दे को सुलझाने में हमारी मदद नहीं कर सकता।’’

जम्मू कश्मीर में बारामुला जिले के सोपोर शहर में आतंकवादियों ने शनिवार को सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की जिसमें दो पुलिसकर्मियों और दो आम नागरिकों की मौत हो गयी तथा कम से कम तीन अन्य घायल हो गए। नेशनल कॉन्फ्रेस के नेता उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को बारामूला जिले के सोपोर में सुरक्षा बलों पर आतंकी हमले की निंदा की। 

अब्दुल्ला ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सोपोर से बेहद दुखी करने वाली खबरें आ रही हैं। बिना किसी किंतु-परंतु के इस तरह के हमले की निंदा की जानी चाहिए। घायल लोगों के लिए प्रार्थनाएं और मृतकों के परिवार के प्रति संवेदनाएं।’’ पूर्व मुख्यमंत्री सोपोर में सुरक्षा बलों पर हमले पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

वहीं पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने एक ट्वीट में बंदूक के इस्तेमाल की भर्त्सना करते हुए कहा, ‘‘ चाहे वह दिल्ली की बंदूक हो या हमारे युवाओं ने हथियार उठाए हों, यह कश्मीर मुद्दे को सुलझाने में हमारी मदद नहीं कर सकता।’’ इस हमले में दो पुलिसकर्मी और दो असैन्य नागरिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
बता दें कि अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने उत्तर कश्मीर जिले में सोपोर मेन चौक के समीप दोपहर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस के एक संयुक्त दल पर गोलियां चलाई। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में दो पुलिसकर्मियो और दो आम नागरिकों की मौत हो गयी। एक पुलिसकर्मी समेत कम से कम तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीक के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से घायल पुलिसकर्मी को यहां सेना के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया।

Desk Team