बालटाल और चंदनवाड़ी के रास्ते से होकर जाने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू होगा। सोमवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दक्षिण कश्मीर में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित भगवान अमरनाथ की गुफा तक जाने की 56 दिवसीय यात्रा दो रास्तों से 29 जून से शुरू होगी और 22 अगस्त को समाप्त होगी।
श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीतीश्वर कुमार ने बताया कि तीर्थयात्रियों को वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा जिसमें स्वास्थ्य प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है। सीईओ ने कहा कि संबंधित राज्य सरकार और केंद्र शासित प्रदेश द्वारा अधिकार प्राप्त डॉक्टरों और चिकित्सा संस्थानों से 15 मार्च के बाद जारी किए गए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र मान्य होंगे।
सीईओ ने कहा कि 13 साल से कम और 75 साल से अधिक के लोग तथा छह सप्ताह से अधिक समय से गर्भवती महिलाएं पंजीकरण नहीं करा सकेंगी। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को पंजीकरण नहीं कराना होगा क्योंकि उनके हेलीकॉप्टर टिकट ही पर्याप्त होगा।


Download Android App
Download iOS App



