दक्षिण कश्मीर के हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन के लिए शनिवार को यहां भगवती नगर आधार शिविर से कड़ी सुरक्षा के बीच 1,292 महिलाओं समेत 6,113 तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
तीर्थयात्रियों में 195 साधू और 25 बच्चे भी शामिल है और वे शनिवार को ही अनंतनाग जिले के पहलगाम और गंदेरबल जिले के बालटाल के आधार शिविरों में पहुंचेंगे। अब तक करीब 20,000 से अधिक श्रद्धालु प्राकृतिक रूप से निर्मित हिम शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं। यह 43 दिवसीय यात्रा 30 जून को शुरू हुई थी।
अधिकारियों ने बताया कि भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुए ताजा जत्थे में 4,173 श्रद्धालु 148 वाहनों में पहलगाम आधार शिविर के लिए रवाना हुए, जबकि अन्य 1,940 श्रद्धालु 80 वाहनों में बालटाल मार्ग पर यात्रा के लिए रवाना हुए।
इसके साथ ही 29 जून से अब तक घाटी के लिए भगवती नगर आधार शिविर से 23,214 यात्री रवाना हो चुके हैं। यह यात्रा रक्षा बंधन के दिन श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर 11 अगस्त को खत्म होगी।


Download Android App
Download iOS App



