जम्मू-कश्मीर के सोपोर में एक परिवार पर हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए प्रदेश भाजपा ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह घाटी में अशांति भड़काने के लिए आतंकवाद का इस्तेमाल कर रहा है। इस हमले में ढाई साल की एक बच्ची सहित चार लोग घायल हो गए।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) अनिल गुप्ता ने रविवार को एक बयान में कहा, “भाजपा सोपोर में नागरिकों पर हुए आतंकवादी हमले के कायराना कृत्य की कड़ी निंदा करती है। पाकिस्तान इस सच्चाई से काफी परेशान हैं कि कश्मीर के लोग उसके कहे पर चलने के बजाय जल्द से जल्द हालात सामान्य बनाने के लिए सरकार के साथ सहयोग कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सेब की फसल के परिवहन को रोकना चाहता है, जो ज्यादातर कश्मीरियों को आजीविका मुहैया करता है। गुप्ता ने कहा, “इससे पता चलता है कि उन्हें कश्मीरियों की परवाह नहीं है बल्कि वे सिर्फ पाकिस्तानी एजेंडे को बढ़ावा देना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि कश्मीर में अशांति भड़काने के लिए पाकिस्तान हर हथकंडा अपना रहा है, ताकि संयुक्त राष्ट्र मानव अधिकार परिषद और संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में उसके पक्ष को मजबूती मिले।


Download Android App
Download iOS App



