जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के तीन ‘सक्रिय सदस्यों’ को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से एक हथगोला समेत कई अन्य वस्तुएं बरामद हुईं है। ये सभी हाजिन क्षेत्र के मुख्य बाजार में पाकिस्तानी झंडे फहरा रहे थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को जानकारी मिली थी कि लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय आतंकवादियों के इशारे पर कुछ शरारती तत्व उत्तरी कश्मीर के हाजिन क्षेत्र के मुख्य बाजार में पाकिस्तानी झंडे फहरा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ” डर का माहौल बनाने तथा हाजिन कस्बे के आम लोगों में राष्ट्रविरोधी भावनाएं पैदा करने के इरादे से झंडा फहराया गया।” अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान मुजीब शम्स, तनवीर अहमद मीर और इम्तियाद अहमद शेख को गिरफ्तार किया गया। ये सभी हाजिन के मीर मोहल्ला क्षेत्र के रहनेवाले हैं।
अधिकारी ने बताया कि इन तीनों ने स्वीकार किया कि वे इस घटना में शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि इनके पास से एक हथगोला और झंडा तैयार करने में इस्तेमाल किया जाने वाला कपड़े का एक टुकड़ा, एक सिलाई मशीन और अन्य चीजें बरामद हुईं।


Download Android App
Download iOS App



