करन नगर : CRPF शिविर में आतंकी हमला विफल करने वाले कांस्टेबल को पदोन्नति

Summary :

NULL

जम्मू कश्मीर के करन नगर में सीआरपीएफ के शिविर पर आतंकवादियों द्वारा किया फिदायीन हमले का प्रयास नाकाम करने वाले बल के कांस्टेबल रघुनाथ गैथ को बारी से पहले पदोन्नति देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है।

सोमवार को यहां सीआरपीएफ शिविर पर आतंकवादियों ने हमले की कोशिश की थी, लेकिन उसे नाकाम कर दिया गया जिसके बाद सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। इस घटना में बिहार के रहने वाले अर्द्धसैनिक बल के जवान मुजाहिद खान शहीद हो गए।

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक आर आर भटनागर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हमने रघुनाथ गैथ को बारी से पहले पदोन्नति देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने हमारे करन नगर बटालियन मुख्यालय पर फिदायीन हमला नाकाम किया है। (बांदीपुरा जिले के) के सुमबल में पिछले साल आत्मघाती हमला विफल करने वालों को भी बारी से पहले तरक्की दी जाएगी।’’

भटनागर ने करन नगर में सफाया अभियान के लिए सीआरपीएफ कर्मियों को बधाई दी, क्योंकि और नुकसान नहीं हुआ। महानिदेशक ने कहा, ‘‘ हमारे जवान मुजाहिद खान ने करन नगर में आतंकवादियों से लड़ते हुए अपनी कुर्बानी देकर बहादुरी की बेहतरीन मिसाल दी है। मैं जवानों को फिदायीन हमले पर तेजी से प्रतिक्रिया देने के लिए और उन्हें बचकर नहीं निकलने देने के लिए बधाई देता हूं।’’

भटनागर ने यह भी कहा कि उन्होंने घाटी में इस साल और पिछले वर्ष आतंकवादियों के खिलाफ कामयाब अभियानों में हिस्सा लेने वाले कर्मियों को पुरस्कृत भी किया है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का कामयाब अभियान जारी रहेगा, क्योंकि सभी एजेंसियां– सीआरपीएफ, पुलिस और सेना– बेहतरीन समन्वय में काम कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘ (आतंकवादियों के खिलाफ) अभियान जारी रहेंगे।’’  सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ अगले कुछ दिनों में खान के परिवार को वाजिब मुआवजा मुहैया कराएगा।  उन्होंने कहा, ‘‘ हम अपने शहीदों के परिवारों का ध्यान रखते हैं। उन्हें (खान का परिवार) दो-तीन दिन में मुआवजा दिया जाएगा। हमने ‘भारत के वीर’ नाम से एक पहल शुरू की है जिसमें जवानों के लिए 25 करोड़ रुपये इकट्ठा किए गए हैं।’’

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक  करें।

Desk Team