जम्मू कश्मीर के जम्मू क्षेत्र में पूरे धार्मिक उल्लास के साथ रामनवमी का त्योहार मनाया गया। चैत्र नवरात्र के समापन और भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाये जाने वाले रामनवमी के त्योहार के अवसर पर सुबह से जम्मू के मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं और भक्तगणों ने जम्मू के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना और ईश्वर के आशीर्वाद के लिए प्रार्थनाएं की।
जम्मू स्थित रघुनाथ मंदिर और काली माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़। दोनों मंदिरों के बाहर लगी लाइनों में श्रद्धालु भजन गाते हुए दिखाई दिये। इस अवसर पर निकाली गयी धार्मिक यात्राओं में हजारों लोगों ने भाग लिया।
जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने लोगों को रामनवमी की बधाई देते हुए राज्य की शांति और समृद्धि की कामना की। श्री वोहरा ने अपने संदेश में कहा कि त्योहार हमारी विरासत का महत्वपूर्ण अंग हैं। ये साम्प्रदायिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत कर धर्मनिरपेक्षता को बल देते हैं। सुश्री मुफ्ती ने कहा कि जम्मू कश्मीर को अपने बहु-धर्मिता और बहु-संस्कृति पर गर्व है। उन्होंने राज्य में शांति और लोगों के कल्याण की कामना की।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



