जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सुरक्षा बलों का सुरक्षित और तेज आवागमन सुनिश्चित करने के लिए बनिहाल और बारामुला के बीच विशेष चार्टर्ड ट्रेन चलाने का सुझाव दिया है।
श्री अब्दुल्ला ने एक ट्वीट में कहा कि सुरक्षा बलों के काफिले के आवागमन के दौरान आम नागरिकों के लिए राजमार्ग बंद करने के फैसले पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के सुरक्षा बलों के काफिले के गुजरने के दौरान कुछ देर के लिए आम नागरिकों का आवागमन को रोक देने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे।
सर्वदलीय प्रस्ताव में शांति की अपील को शामिल नहीं करने से निराश हूं : उमर अब्दुल्ला
श्री सिंह ने शुक्रवार को कहा था, ‘‘ नागिरकों को सुरक्षाबलों के काफिले के गुजरने के दौरान थोड़ कठिनाई होती है, हम उसके लिए माफी मांगते हैं।’’
उल्लेखनीय है कि दक्षिण कश्मीर में पुलवामा जिले में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वाहन पर किये गये फिदायीन हमले में 40 जवान शहीद हो गये थे।
उमर अब्दुल्ला ने टि््वीट कर कहा,‘‘ सर, क्यों नहीं आप सुरक्षाबलों के सुरक्षित आवागमन के लिए बनिहाल और बारामुला के बीच तेज गति की विशेष चार्टर्ड ट्रेन का इस्तेमाल करते।’’ इससे तेजी से और बिना अवरोध के उनका आवागमन सुनिश्चित होगा और राजमार्ग पर भी आम नागरिकों के लिए यातायात सुचारु रूप से चल सकेगा।’’
श्री अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘ मैंने मुख्यमंत्री रहते हुए भी यह सुझाव दिया था लेकिन मेरे इस सुझाव को बहुत ज्यादा तवज्जो नहीं दी गयी। गुरुवार को हुए हमले के मद्देनजर और सुरक्षा बलों के काफिले के लिए राजमार्ग बंद किये जाने नये निर्देश के मद्देनजर मैंने यह सुझाव फिर से दिया है।’’
राजमार्ग विशेषकर काजीगुंड से अनंतनाग, पुलवामा, श्रीनगर से बारामुला तक हजारों वाहनों के आवागमन के कारण बहुत व्यस्त रहता है। इसके अतिरिक्त सुरक्षा बलों का काफिला भी इस मार्ग पर चौबीसों घंटे चलता रहता है।


Download Android App
Download iOS App



