जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को सीआरपीएफ के एक काफिले को निशाना बनाकर किए गए नाकाम हमले के मामले में सोमवार को एक संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। जम्मू की तरफ जा रहे सीआरपीएफ के एक काफिले के जवाहर सुरंग पार करने के तुरंत बाद यह विस्फोट तेतहर गांव के निकट बनिहाल शहर से सात किलोमीटर की दूरी पर हुआ।
हुंडई सैंट्रो मॉडल वाले वाहन के दो गैस सिलिंडरों में से एक में आग लगने के बाद यह घटना हुई। वाहन का चालक आग लगने से पहले ही वहां से फरार होने में सफल रहा था। पुलिस ने बताया कि वाहन और आस-पास क्षेत्र की जांच के बाद एक एलपीजी सिलिंडर और जैरीकेन (पेट्रोल सहित अन्य सामान रखने का मर्तबान) मिला जिसमें पेट्रोल, जिलेटिन की छड़ें, यूरिया और सल्फर भरा हुआ था।
इन चीजों का इस्तेमाल आईईडी बनाने में किया जाता है। सूत्रों ने बताया कि विस्फोट के बाद तलाश अभियान शुरू करके सुरक्षाबलों ने संदिग्ध आतंकवादी को सोमवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि सूत्रों ने यह नहीं बताया कि यह गिरफ्तारी बनिहाल में हुई है या कहीं और हुई है।
घटनास्थल से जो पत्र मिला है, उससे पता चला है कि वाहन चालक हिज्बुल मुजाहिदीन का सदस्य है। उसने पत्र में पुलवामा में 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले जैसा हमला दोहराने का अपना इरादा जाहिर किया था। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक टीम ने बनिहाल का दौरा करके घटनास्थल का निरीक्षण किया।


Download Android App
Download iOS App




