जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में आतंकवादियों ने रविवार को एक नागरिक की उसके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के समय पीड़ित बिजली की तार की मरम्मत कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि आज दोपहर मध्य कश्मीर जिले के मगाम क्षेत्र के बुचीपुरा में आतंकवादियों ने नसीर खान पर गोली चलाई।
उन्होंने बताया कि खान को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
अधिकारी ने बताया कि उस क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश शुरू की गई है। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों ने खान पर उसके घर के बाहर गोली चलाई। घटना के समय वह बिजली विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बिजली तार की मरम्मत कर रहा था।
प्रवक्ता ने बताया कि प्राथमिक जांच इस ओर इशारा करती है कि इसमें प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकवादी मोहम्मद युसूफ डार उर्फ कंटूर उर्फ तैमूर तथा अबरार नदीम भट्ट समेत अन्य आतंकवादी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।


Download Android App
Download iOS App



