उपराष्ट्रपति नायडू के दौरे से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम, IIM जम्मू दीक्षांत समारोह में लेंगे हिस्सा

Summary :

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के जम्मू दौरे से पहले केंद्र शासित प्रदेश की शीतकालीन राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नायडू भारतीय प्रबंधन संसथान (आईआईएम) के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने शुक्रवार को यहां पहुंचेंगे।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के जम्मू दौरे से पहले केंद्र शासित प्रदेश की शीतकालीन राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नायडू भारतीय प्रबंधन संसथान (आईआईएम) के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने शुक्रवार को यहां पहुंचेंगे। 
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को सतर्क कर दिया गया है तथा कड़ी निगरानी रखने और शहर में गश्त बढ़ाने को कहा गया है, विशेषकर समारोह स्थल के आसपास और जम्मू हवाईअड्डा रोड पर।  उन्होंने कहा कि जम्मू हवाई अड्डे से आयोजन स्थल तक उपराष्ट्रपति का काफिला सुगमता से पहुंच सके, इसके लिए आज सुबह सुरक्षा अभ्यास किया गया। 
उपराष्ट्रपति आईआईएम जम्मू के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शुक्रवार को हिस्सा लेगें। केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इस बीच, आईआईएम के 19 छात्र और कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए, किंतु अधिकारियों ने बताया कि वे दीक्षांत समारोह का हिस्सा नहीं थे। 
अधिकारियों ने बताया कि आईआईएम जम्मू से 180 नमूनों को कोविड-19 संबंधी जांच के लिए भेजा गया था, जिनमें से 19 नमूने संक्रमित पाए गए। उन्होंने बताया कि संस्थान में व्यापक स्तर पर जांच के लिए चिकित्सकीय दलों को भेजा गया है। 

Ujjwal Jain