कश्मीर घाटी को देश के शेष हिस्सों से जोड़ने वाले 270 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को यातायात बहाल कर दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग को साप्ताहिक मरम्मत एवं रखरखाव के लिए शुक्रवार को बंद कर दिया गया था।
इस बीच शोपियां को राजौरी और पुंछ से जोड़ने वाले 86 किलोमीटर लंबे ऐतिहासिक मुगल रोड पर भी आज यातायात बहाल कर दिया गया। मुगल रोड को ताजा बर्फबारी और फिसलन की स्थिति के कारण शुक्रवार को बंद कर दिया गया था।
यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने आज बताया कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को कश्मीर से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए फिर खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि सड़क के मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को यातायात स्थगित कर दिया गया था।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को नवंबर के अंत तक प्रत्येक शुक्रवार को राजमार्ग के आवश्यक मरम्मत और रखरखाव का काम सौंपा गया है। इस बीच श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को भी खोल दिया गया है और इस पर वाहनों की आवाजाही की अनुमति 1000 बजे से 1600 बजे के बीच है।


Download Android App
Download iOS App



