जम्मू : जम्मू कश्मीर में स्थित माता वैष्णों देवी मंदिर को देश का सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ प्रतिष्ठित स्थल घोषित किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। माता वैष्णों मंदिर जम्मू के रियासी जिले के त्रिकूट की पहाड़ियों पर स्थित है हर साल यहाँ लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। फिर भी यह स्थल काफी साफ़ सुथरा रहता है।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) के प्रवक्ता के अनुसार, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, मंत्रालय द्वारा आयोजित किए जाने वाले ‘स्वच्छ महोत्सव’ के दौरान पुरस्कार प्रदान करेंगे। जलशक्ति मंत्रालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने मंगलवार को स्वच्छ प्रतिष्ठित स्थानों की रैंकिंग जारी की। अधिकारी ने कहा कि मंदिर, जहां हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचते है, को पूरे तीर्थ क्षेत्र की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए पिछले कुछ वर्षों में की गई कई पहल के कारण बोर्ड द्वारा लाई गई स्वच्छता में समग्र सुधार के आधार पर चुना गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि पानी के कियोस्क स्थापित करने, कचरे के निपटान जैसी कई पहलों के साथ ही 1300 स्वच्छता कार्यकर्ताओं ने मिलकर इस तीर्थस्थल को शीर्ष रैंक हासिल करने में सक्षम बनाया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल सत्यपाल मलिक, जो श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं, ने इस उपलब्धि पर बोर्ड को बधाई दी है।


Download Android App
Download iOS App



