जम्मू प्रांत के कई हिस्सों में भारी बारिश के चलते जलभराव और यातायात जाम लगने के कारण शनिवार सुबह जनजीवन बाधित हो गया। बहरहाल, बारिश से किसी तरह के बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। पिछले कुछ दिनों से गर्मी झेल रहे शहर के लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है।
मौसम कार्यालय ने एक अक्टूबर तक क्षेत्र में कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश का अनुमान जताया है। सुबह की शुरुआत होते ही आसमान में बादल घिर आए जिसके बाद बारिश आई और पनामा चौक तथा कनाल रोड समेत विभिन्न स्थानों पर जलभराव और यातायात जाम का सामना करना पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के कारण जल स्रोत भरने के चलते निचले इलाकों में मकानों और दुकानों में बारिश का पानी भर गया जिससे लोगों को दिक्कतें हुईं। उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में किसी तरह के नुकसान की बड़ी खबर नहीं है लेकिन नदियों के मुहाने पर बने कुछ अवैध इमारतों को अचानक पानी का प्रवाह बढ़ने के कारण नुकसान पहुंचा है।
दोपहर के करीब बारिश रुक गई लेकिन शहर में अब भी बादल घिरे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू प्रांत के अन्य जिलों से भी भारी बारिश की खबरें प्राप्त हुई हैं। मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू में न्यूनतम तापमान सामानय से 1.8 डिग्री अधिक 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


Download Android App
Download iOS App



