केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि सरकार जम्मू कश्मीर में ‘‘शांति खरीदने की पुरानी प्रथा’’ के बजाए इसे कायम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उपराज्यपाल ने कहा कि सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर में आतंकवाद का मुकाबला करने में बढ़त हासिल कर ली है और केंद्र शासित प्रदेश में आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र को नष्ट करने के लिए काम कर रहे हैं। सिन्हा ने राजभवन में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम शांति खरीदेंगे नहीं। हम (जम्मू कश्मीर में) शांति स्थापित करेंगे।’’
शांति खरीदनी नहीं बल्कि इसे स्थापित करना है
आतंकवादियों द्वारा चुनिंदा तरीके से हत्याओं के जरिए कश्मीर में भय का माहौल पैदा करने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में सिन्हा ने कहा, ‘‘हमारे प्रशासन का इरादा बहुत स्पष्ट है कि शांति खरीदनी नहीं बल्कि इसे स्थापित करना है।’’ उपराज्यपाल ने कहा कि इसमें समय लग सकता है लेकिन सरकार आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र को नष्ट कर देगी। उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा बलों को (आतंकवादियों पर) बढ़त मिल गई है। यह एक स्वीकृत तथ्य है। हमारे सुरक्षा बल उनकी (आतंकवादियों) रीढ़ तोड़ने में सफल रहे हैं।’’
पीएम मोदी 70,000 करोड़ रुपये की देंगे सौगात
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री का जम्मू हवाई अड्डे से पल्ली गांव जाने का कार्यक्रम है। इस दौरान वह जम्मू-कश्मीर के 30,000 से अधिक पंचायती राज संस्थान (पीआरआई) सदस्यों के अलावा देशभर में लगभग 700 पंचायतों को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी 70,000 करोड़ रुपये के इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट शुरू करने और दो बिजली परियोजनाओं सहित कुछ डेवेलपमेंट प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और नींव भी रख सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



