जम्मू : पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू के अरनिया सेक्टर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाकर गोलीबारी की जिसमें एक महिला की मौत हो गयी और पांच नागरिक घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने कल रात भर अरनिया सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बीएसएफ की अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाकर गोलीबारी की। इस गोलीबारी में रत्नो देवी नामक एक महिला की मौत हो गयी और 12 वर्षीय बालक समेत पांच नागरिक घायल हो गये।
पाकिस्तान ने मोर्टारों और छोटे हथियारों से गांवों में गोलीबारी की। इस गोलीबारी में घायल लोगों की पहचान माया देवी (65), रजनी कुमारी (35) और शुभम कुमार (12) के रूप में की गई है। घायल लोगों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से अरनिया सेक्टर में बीएसएफ की छह से आठ अग्रिम चौकियों पर कल रात भर रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही जो आज सुबह बंद हुई। बीएसएफ के जवानों ने भी माकूल जवाब दिया।


Download Android App
Download iOS App



