झारखंड में डबल प्रोटेस्ट, छात्रों का विधानसभा मार्च, BJP का CM आवास घेराव; जानें क्या है छात्रों की मांगे

Summary :

झारखंड में आज दोहरे विरोध प्रदर्शन देखे जा रहे हैं। एक तरफ, छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ विधानसभा का घेराव करने निकले हैं। उन्होंने पुरानी विधानसभा के पास से शांतिपूर्ण मार्च शुरू किया

झारखंड में आज डबल प्रोटेस्ट चल रहा है। एक तरफ छात्र विधानसभा का घेराव करने निकले हैं, दूसरी तरफ भाजपा ने CM हेमंत सोरेन के आवास का घेराव किया है। आज सुबह 10 से छात्रों ने शांतिपूर्ण विधानसभा मार्च का आह्वान किया। छात्रों को सुबह से ही पुरानी विधानसभा के पास जमा होने के लिए कहा गया था। छात्रों को पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्र पहली बैरिकेडिंग को हटाते हुए आगे निकल गए हैं।

CM आवास का घेराव करने बैठी बीजेपी

रांची में एक तरफ जहां प्रदर्शनकारी छात्र विधानसभा की ओर मार्च कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया है। पुलिस बीजेपी कार्यकर्ताओं को वहां से हटाने की कोशिश कर रही है और इस दौरान कार्यकर्ताओं की हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी लगातार जारी है।

पुलिस ने बैरिकेड्स कर रोका

छात्रों का मार्च शुरू होते ही पुरानी विधानसभा से सिर्फ 30 मीटर की दूरी पर रोक दिया गया, जिसके विरोध में छात्र वहीं धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि वे वहीं बैठकर और छात्रों के आने का इंतजार करेंगे और संख्या बल बढ़ने पर बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे। छात्रों ने आरोप लगाया है कि पुलिस उन्हें जगह-जगह रोक रही है, लेकिन वे पीछे हटने वाले नहीं हैं और अपनी मांगें मनवाकर ही लौटेंगे। हालांकि अब छात्र बैरिकेड्स हटाकर आगे बढ़ चुके हैं।

परीक्षा गड़बड़ी मामले में ED ने दर्ज की ECIR

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच शुरू कर दी है। ईडी के रांची जोनल कार्यालय ने राज्य पुलिस और सीआईडी की प्राथमिकी के आधार पर ECIR (एनफोर्समेंट केस इंफॉर्मेशन रिपोर्ट) दर्ज की है।

ईडी की जांच का फोकस कथित परीक्षा घोटाले में हुए वित्तीय लेन-देन, बिचौलियों की भूमिका और पैसे के लेन-देन की पूरी कड़ी का पता लगाना है। जांच एजेंसी यह भी देखेगी कि अभ्यर्थियों से कथित तौर पर वसूली गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इसका इस्तेमाल किस तरह किया गया।

JPSC के तीन सदस्यों ने दिया इस्तीफा

छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए रविवार को JPSC के तीन सदस्यों में इस्तीफा दे दिया है। इसमें अजीता भट्टाचार्य, जमाल अहमद और अनिमा हांसदा ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। झारखंड लोक सेवा आयोग के सदस्य डॉ. अजिता भट्टाचार्य से 10 अगस्त को पूछताछ होगी।

क्या है झारखंड के छात्रों की मांग?

  • राज्य भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराई जाए।
  • साल 2019 के बाद आयोजित सभी JSSC CGL, JSSC JE और PGT परीक्षाओं को रद्द किया जाए।
  • राज्य सरकार की नौकरियों के लिए पूरी भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार किए जाएं।
  • परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
  • कैटेगरी-वाइज कट-ऑफ जारी किया जाए और ओएमआर (OMR) शीट को सार्वजनिक किया जाए।
  • यूपीएससी (UPSC) और एसएससी (SSC) की तरह राज्य में भी एक वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।