झारखंड में छात्र आंदोलन के बीच JPSC के 3 सदस्यों का इस्तीफा, CM हेमंत सोरेन की बातचीत से समाधान की अपील

Summary :

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच जेपीएससी (JPSC) के तीन सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल ने इनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं। वहीं, सीएम हेमंत सोरेन ने युवाओं से बातचीत के जरिए समाधान तलाशने की अपील की है।

Jharkhand Student Protest

Jharkhand Student Protest : झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली के विरोध में राज्य की राजधानी रांची में छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। इस बीच बड़ी अपडेट सामने आई है। झारखंड में छात्र आंदोलन के बीच जेपीएससी के तीन सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य सरकार की सिफारिश पर, झारखंड लोक सेवा आयोग के सदस्य के तौर पर अजिता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा और जमाल अहमद के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं।

CM हेमंत सोरेन की अपील

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली के विरोध में राज्य की राजधानी रांची में छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है। बता दें इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि किसी भी समस्या का हल लाठी-गोली से नहीं, बल्कि केवल बातचीत से ही संभव है।

उन्होंने युवाओं को पारदर्शी न्याय का आश्वासन दिया और चेतावनी दी कि राजनीतिक दलों को छात्रों के इस आंदोलन को भड़काने या इसका फायदा उठाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सीएम ने साफ कहा कि गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलेगी। वहीं दूसरी ओर, सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच छठे दौर की बातचीत में 3 परीक्षाएं रद्द करने समेत कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनने की खबर है। वहीँ इस्तीफे के बाद प्रदर्शकारियों में नई उम्मीद जगती दिखाई दे रही है।

छात्रों के साथ छठे दौर की बातचीत

Jharkhand Student Protest

एक तरफ सीएम का बयान आया, तो दूसरी तरफ सरकारी प्रतिनिधिमंडल और छात्र नेताओं के बीच वार्ता का दौर चला। सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के दौरान सरकार कुछ बड़ी मांगों को मानने के लिए तैयार दिख रही है। इसमें जेपीएससी बैकलॉग 2023, जेपीएससी बैकलॉग 2025 और 14वीं प्रीलिम्स परीक्षा को रद्द करने पर सहमति बनने की खबर है।

इसके साथ ही परीक्षा धांधली में हुए पैसों के लेन-देन की जांच कराने और टीडीपीएल एजेंसी द्वारा आयोजित सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच कराने को भी सरकार राजी हो गई है। जेपीएससी और जेएसएससी में सुधार के लिए आईआईएम और एक्सआईएसएस जैसे नामी संस्थानों की मदद ली जाएगी। हालांकि, इन फैसलों पर जल्द ही आधिकारिक घोषणा होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें – झारखंड सरकार छात्रों के प्रति असंवेदनशील, पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच जरूरी : एन. रामचंद्र राव

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।