जन्माष्टमी पर बाल गोपाल के लिए मिनटों में बनाएं ये 4 आसान प्रसाद, जानें बनाने की विधि

Summary :

जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के लिए घर पर आसानी से और टेस्टी प्रसाद बनाने की विधि बताई गई है। इस आर्टिकल में बाल गोपाल को भोग लगाने के लिए 4 झटपट तैयार होने वाली प्रसाद रेसिपीज़ दी गई हैं भगवान श्रीकृष्ण के सबसे प्रिय भोग माखन मिश्री को ताज़े सफेद मक्खन, धागे वाली मिश्री और तुलसी पत्तों से तैयार किया जाता है, जिसके बिना जन्माष्टमी की पूजा अधूरी मानी जाती है।

Janmashtami Special Prashad Recipes: जन्माष्टमी का त्योहार भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में पूरे देश में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन कान्हा जी को खुश करने के लिए कई तरह के जरूरी प्रसाद तैयार किए जाते हैं। अगर आप भी इस जन्माष्टमी पर बाल गोपाल के लिए घर पर आसान और टेस्टी प्रसाद बनाना चाहते हैं, तो यहां 4 सबसे आसान रेसिपीज के बारे में बताया गया है, जिसे आप मिनटों में बनाकर तैयार कर सकते हैं। आइए यहां जानते हैं ये प्रसाद रेसिपी कौन-कौन सी हैं।

जन्माष्टमी पर बनाएं ये स्पेशल भोग

1. माखन मिश्री

Krishna Janmashtami bhog list
Krishna Janmashtami bhog list (Source: Social Media)

भगवान श्रीकृष्ण को माखन सबसे प्रिय है, इसलिए इसके बिना जन्माष्टमी की पूजा अधूरी मानी जाती है। इसे बनाने के लिए 1 कप ताजा मक्खन, 2-3 चम्मच धागे वाली मिश्री, 2-3 तुलसी के पत्ते लें। इसके बाद ताजा निकला हुआ सफेद मक्खन लें। फिर इसमें मिश्री को थोड़ा दरदरा कूटकर मिलाएं। अब ऊपर से तुलसी पत्ता रखकर कान्हा जी को चढ़ाएं।

2. धनिया पंजीरी

Janmashtami prasad recipes
Janmashtami prasad recipes (Source: Social Media)

जन्माष्टमी के व्रत में अनाज का भोग नहीं लगाया जाता है, इसलिए धनिया पाउडर से बनी पंजीरी का प्रसाद बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए 1 कप धनिया पाउडर, 1/2 कप देसी घी, 3/4 कप पिसी चीनी या बूरा, काजू-बादाम-मखाने लें। इसके बाद एक कढ़ाई में 2 चम्मच घी गर्म करके मेवे को डालकर हल्का भून लें। अब उसी कढ़ाई में बचा हुआ घी डालें और धनिया पाउडर को धीमी आंच पर 4-5 मिनट खुशबू आने तक भूनें। इसके बाद धनिया ठंडा होने के बाद इसमें पिसी चीनी और भुने हुए मेवे अच्छी तरह मिला लें।

3. पंचामृत / चरणामृत

Satvik prasad recipes for pooja
Satvik prasad recipes for pooja (Source: Social Media)

भगवान के अभिषेक और भोग के लिए 5 चीजों को मिलाकर पंचामृत बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए कच्चा दूध, 2 चम्मच दही, 1 चम्मच देसी घी, 1 चम्मच शहद, 1 चम्मच शक्कर/मिश्री, कटे मखाने और तुलसी पत्ता लें। फिर एक कटोरी में कच्चा दूध लें। इसके बाद इसमें दही, घी, शहद और शक्कर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें जब तक शक्कर घुल न जाए। इसमें कटे हुए मखाने और तुलसी के पत्ते डालकर कान्हा जी को भोग लगाएं।

4. मखाना खीर

Janmashtami Special Peashad Recipes
Janmashtami Special Peashad Recipes (Source: Social Media)

व्रत में मखाने की खीर स्वाद और सेहत दोनों के लिए अच्छी मानी जाती है। इसे बनाने के लिए 1 लीटर फुल क्रीम दूध, 2 कप मखाने, 1/2 कप चीनी, 1/2 चम्मच इलायची पाउडर, 1 चम्मच घी, कटे हुए मेवे लें। इसके बाद एक कढ़ाई में घी गर्म करें और मखानों को हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। फिर ठंडा होने पर आधे मखानों को दरदरा पीस लें। इसके बाद दूध को उबालें और जब यह थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो इसमें भुने और पिसे हुए मखाने डाल दें। फिर धीमी आंच पर 10-15 मिनट पकाएं। लास्ट में चीनी, इलायची पाउडर और कटे मेवे मिलाकर 2 मिनट पकाकर गैस बंद कर दें।

Also Read: Suji Recipes for Rakhi: राखी पर घर आए मेहमानों को खिलाएं कुछ खास, सूजी से मिनटों में बनाएं ये 3 चटपटी रेसिपी

Kajal Yadav

काजल यादव पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। वास्तु, ट्रैवल , वायरल, हेल्थ और लाइफस्टाइल के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद करती हैं। रामा विश्वविद्यालय (कानपुर) से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद दीनार टाइम्स (कानपुर) से पत्रकारिता की शुरुआत करते हुए बत्तौर 'सोशल मीडिया' संभालने से लेकर 'वॉइस ओवर' के रूप में काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। कानपुर में जन्म लेने वाली काजल की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है।