Twin Babies Parenting Tips: घर में जुड़वां बच्चे होने से खुशियां और रौनक तो बढ़ जाती है, लेकिन इसके साथ ही काम भी बहुत बढ़ जाता है। माता-पिता के लिए एक साथ दो बच्चों को संभालना काफी मुश्किल होता है। उन्हें पालने में माता-पिता को दोगुनी मेहनत और समय देना पड़ता है। खासतौर पर उन माता-पिता के लिए यह ज्यादा मुश्किल होता है जिनके साथ पूरा परिवार नहीं रहता। दरअसल, जुड़वां बच्चों पर हर वक्त ध्यान देना पड़ता है।उनके खाने, नहाने और सोने जैसी हर छोटी-बड़ी बात का बहुत ख्याल रखना पड़ता है। ऐसे में कुछ खास बातों का ध्यान रखकर आप खुद की थोड़ी मदद कर सकते हैं।
जुड़वां बच्चों की परवरिश में काम आएंगे ये टिप्स

1. बच्चों का सही टाइम टेबल बनाएं
जुड़वां बच्चे होने पर सबसे पहला काम उनका एक फिक्स टाइम टेबल बनाना है। आप उनके खाने, नहाने और सोने का समय पहले से तय कर लें। इससे आपको पता रहेगा कि बच्चे कब सोएंगे, कब जागेंगे और कब दूध पिएंगे। इस तरह आप अपने बाकी काम भी आसानी से निपटा सकेंगे। दोनों बच्चों को एक साथ दूध पिलाने के लिए आप ट्विन फीडिंग पिलो का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
2. घर के लोगों से मदद लें
अकेले रहते हुए जुड़वां बच्चों को संभालना बहुत मुश्किल होता है। इसलिए जरूरत पड़ने पर अपने परिवार के बाकी लोगों से मदद लेने में न हिचकिचाएं। अगर ये करना भी संभव न हो, तो बच्चों की देखभाल के लिए आप किसी बेबी सिटर की मदद भी ले सकते हैं।
3. दोनों की चीजें अलग पहचान के लिए रखें
दोनों बच्चों के कपड़े, डायपर, तौलिये और खिलौने अलग-अलग रंग के रखें। इससे आपको यह समझने में आसानी होगी कि किस बच्चे की कौन सी चीज है। भले ही वे जुड़वा हैं, लेकिन दोनों की पसंद और जरूरतें अलग हो सकती हैं।
4. सारा सामान हमेशा पास रखें
डायपर, बच्चों के साफ कपड़े, वाइप्स, पाउडर और दवाइयां हमेशा ऐसी जगह पर रखें जो जरूरत पड़ने पर तुरंत मिल जाए। रात के समय या अचानक जरूरत पड़ने पर सामान ढूंढना न पड़े, इसके लिए सभी जरूरी चीजें पहले से ही व्यवस्थित करके रखें।
5. हर बच्चे को थोड़ा अलग समय दें
भले ही दोनों बच्चे हमेशा साथ रहते हों, लेकिन हर बच्चे को माता-पिता के अकेले प्यार की जरूरत होती है। दिन में कुछ समय निकालकर हर बच्चे के साथ अकेले खेलें, उससे बातें करें और उसे प्यार दें। इससे बच्चों के साथ आपका रिश्ता बहुत मजबूत होगा।
6. अपनी सेहत और नींद का भी पूरा ध्यान रखें
आप बच्चों की अच्छी देखभाल कर पाएंगी जब आप स्वस्थ रहेंगी। जब दोनों बच्चे सो रहे हों, तो आप भी सोने की कोशिश करें। अच्छा और पौष्टिक खाना खाएं और दिनभर में भरपूर पानी पिएं ताकि आपके शरीर में ऊर्जा बनी रहे।


Download Android App
Download iOS App




