दिवाली एक ऐसा त्योहार होता है, जब घर के चारों तरफ सिर्फ रोशनी ही रोशनी दिखाई देती है। इस समय घर में बहुत सारे मेहमान भी आते हैं और जब घर पर मेहमानों की आने की बात होती है, तो लोग अपने घर को इतना सुंदर डेकोरेट करना चाहते हैं कि लोग अंदर आते ही उनकी तारीफ करें। दिवाली पर हर कोई चाहता है कि उनके घर का लिविंग रूम सबसे खूबसूरत नजर आए, यह जगह ऐसी होती है, जहां परिवार के लोग बैठते हैं और मेहमानों का स्वागत किया जाता हैं। अगर आप भी इस दिवाली अपने लिविंग रूम को एक नया और खूबसूरत लुक देना चाहते हैं, तो यहां देखें कुछ डेकोरेशन आइडियाज।
दिवाली पर ऐसे करें लिविंग रूम डेकोरेट
1. रोशनी और लाइटिंग

दीवाली रोशनी का त्योहार होता है, इसलिए लाइटिंग पर सबसे पहले ध्यान दिया जाता है। सादे बल्बों की जगह वार्म व्हाइट या रंग-बिरंगी फेयरी लाइट्स का इस्तेमाल करें। कमरे के कोनों में दीये, मोमबत्तियां और टी-लाइट होल्डर रखें। अगर आप चाहें तो झूमर या हैंगिंग लाइट्स से लिविंग रूम को और भी ज्यादा खूबसूरत बना सकते हैं।
2. कुशन कवर और पर्दे बदलें

कमरे का लुक तुरंत बदलने का यह सबसे आसान तरीका है। सोफे पर रखे पुराने कुशन कवर्स को हटाकर ब्राइट रंगों जैसे लाल, पीला, मैरून या गोल्डन कुशन कवर लगाएं। ऐसे कवर्स लगाएं, जिन पर गोटा-पत्ती या ट्रेडिशनल एम्ब्रॉयडरी हो। इसके साथ ही, कमरे के पर्दे भी हल्के रंगों से बदलकर थोड़े फेस्टिव या रिच फैब्रिक वाले कर दें।
3. फूलों की सजावट

फूलों की खुशबू और ताजगी दीवाली के माहौल को और खूबसूरत बना देती है। मेन दरवाजे और लिविंग रूम के सेंटर टेबल पर गेंदे और गुलाब के ताजे फूलों की माला या गुलदस्ता सजाएं। आप किसी बड़े बर्तन में पानी भरकर उसमें फूल और तैरने वाली मोमबत्तियां रखकर एक खूबसूरत सेंटरपीस भी बना सकते हैं।
4. रंगोली बनाएं

लिविंग रूम के एंट्रेंस पर या सेंटर टेबल के पास एक सुंदर रंगोली बनाएं। अगर आपको रंगोली बनानी नहीं आती है, तो आप रेडीमेड रंगोली स्टेंसिल या फूलों की पंखुड़ियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। रंगोली के बीच में एक बड़ा दीया या कलश रखने से इसका लुक और भी ज्यादा यूनिक लगने लगता है।
5. कालीन और दरी

फर्श को एक नया और प्यारा लुक देने के लिए खूबसूरत फ्लोर कवरिंग का इस्तेमाल करें। सेंटर टेबल के नीचे एक एथनिक प्रिंट या ट्रेडिशनल डिजाइन वाली दरी बिछाएं। यह आपके लिविंग रूम को बहुत ही क्लासी और भरा-भरा लुक देती है। जिससे घर आए सारे मेहमान आपके डेकोरेशन की तारीफ करते हैं।


Download Android App
Download iOS App




