मोदी के 11 साल: शहडोल के मिनी ब्राजील ने जताया आभार

Summary :

‘मिनी ब्राजील’ के खिलाड़ियों ने पीएम मोदी को कहा धन्यवाद

मध्य प्रदेश के शहडोल के विचारपुर गांव, जिसे ‘मिनी ब्राजील’ के नाम से जाना जाता है, ने पीएम मोदी के 11 साल के कार्यकाल की सराहना की। मोदी की यात्रा के बाद गांव को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली। यहां के फुटबॉल प्रेमी बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, सभी ने उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे प्रधानमंत्री की कामना की।

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले का विचारपुर गांव ‘मिनी ब्राजील’ के नाम से पहचाना जाता है। गांव का प्रत्येक निवासी फुटबॉल के प्रति जुनूनी है। जुलाई 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद इस गांव को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली। अब मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर लोगों ने उनके कामकाज की सराहना की है और उन्हें बधाई दी है। विचारपुर गांव की खास बात यह है कि यहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई फुटबॉल के प्रति जुनून रखता है। गांव की कई महिलाएं और पुरुष खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक खेल चुके हैं।

राष्ट्रीय खिलाड़ी शशांक दहिया ने प्रधानमंत्री से मुलाकात को याद किया

राष्ट्रीय खिलाड़ी शशांक दहिया ने प्रधानमंत्री से मुलाकात को याद करते हुए बताया, “हमने पीएम मोदी से हमारे यहां के प्रमुख खेल फुटबॉल के बारे में बात की। हमने बताया कि हमारे गांव में हर घर से दो-तीन खिलाड़ी नेशनल प्लेयर हैं।” उन्होंने पीएम द्वारा चलाई गई तमाम योजनाओं का लाभ मिलने पर उनका साधुवाद किया।

बच्चों में भी पीएम मोदी के प्रति गहरा लगाव

खास बात यह रही कि नन्हें बच्चों में भी पीएम मोदी के प्रति गहरा लगाव दिखा। कुछ नन्हें खिलाड़ियों ने तो यहां तक कह दिया कि भविष्य में भी देश को ऐसा ही प्रधानमंत्री चाहिए जो खेल और खिलाड़ियों को पहचान दिला सके। पीएम मोदी के 11 साल के कार्यकाल पूरे होने के मौके पर विचारपुर के खिलाड़ी उनके योगदान और समर्थन के लिए आभार व्यक्त कर रहे हैं।

Madhya Pradesh: विदिशा में बारातियों का वाहन पलटा, चार की मौत, CM मोहन यादव ने जताया शोक

पीएम मोदी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से मिले

पीएम मोदी अपने दौरे के दौरान विचारपुर के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से मिले थे और उनके खेल कौशल से इतने प्रभावित हुए कि हाल ही में एक अमेरिकी पॉडकास्टर को दिए इंटरव्यू में “मिनी ब्राजील” का जिक्र किया। पीएम मोदी से मिलने वाले ऐतिहासिक पल को गांव के खिलाड़ी आज भी गर्व के साथ याद करते हैं। वे कहते हैं कि मोदी जी के कारण आज हमारे गांव को देश-विदेश में एक नई पहचान मिली है। फुटबॉल कोच और नेशनल प्लेयर लक्ष्मी साइस ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया, “हमने पीएम मोदी को सिर्फ सुना था, लेकिन जब वह हमारे बीच आए तो लगा जैसे कोई अपने परिवार का सदस्य हमारे बीच है। पीएम मोदी का सहज, सरल और प्रेरणादायक व्यक्तित्व हम खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ा उत्साह बना।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.