Indore Crime News : इंदौर के आजाद नगर इलाके से पारिवारिक रिश्तों में भरोसे के टूटने और धोखाधड़ी की एक गंभीर घटना सामने आई है। यहाँ एक बुजुर्ग महिला ने अपनी ही बेटी और दामाद पर पति की मौत के बाद मिले 80 लाख रुपये हड़पने का बेहद संगीन आरोप लगाया है। मृतक पति बिजली वितरण कंपनी में काम करते थे, जिनकी मौत के बाद विभाग से यह आर्थिक सहायता मिली थी।
आरोप है कि बेटी ने माँ की जानकारी के बिना पूरा पैसा बैंक खाते से निकाल लिया। इस मामले में जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो पीड़ित बुजुर्ग माँ को कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। अब जिला न्यायालय के कड़े आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी बेटी और दामाद के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
36 लाख लौटाए, बाकी हड़पे
पीड़ित बुजुर्ग महिला के अनुसार, जब उन्हें बैंक खाते से रकम गायब होने का पता चला तो उन्होंने बेटी से सवाल-जवाब किए। दबाव बनने पर बेटी ने करीब 36 लाख रुपये तो वापस ट्रांसफर कर दिए, लेकिन बाकी के 44 लाख रुपये लौटाने में लगातार आनाकानी करती रही। काफी समझाने के बावजूद जब कोई रास्ता नहीं निकला, तब महिला ने जिला अदालत का रुख किया।
कोर्ट का रुख और पुलिस एक्शन
अदालत ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आजाद नगर थाना पुलिस को तुरंत केस दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने संबंधित धाराओं में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक, पुलिस बैंक के स्टेटमेंट, लेन-देन के रिकॉर्ड्स और अन्य दस्तावेजी सबूतों को खंगाल रही है। जांच में जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें – बेतवा नदी के स्टॉप डैम पर बीच छलांग लगाकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, VIDEO VIRAL



Download Android App
Download iOS App



