ग्वालियर में मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 15 लोगों की मौत, 26 से ज्यादा घायल

Summary :

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर पर धान से लदा एक ट्रक घाटी से नीचे उतरते समय बेकाबू हो गया और मंदिर के पास बनी दुकानों में जा घुसा।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बड़ा हादसा हो गया। शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे धान से लदा एक बेकाबू ट्रक पुलिस के बैरिकेड तोड़ते हुए मंदिर के गेट और दीवार से जा टकराया।

इस दौरान वहां मौजूद श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मियों और कुछ बच्चों समेत 26 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें से 5-6 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

कैसे हुआ हादसा?

यह दर्दनाक हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। नवरात्रि के मौके पर शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे थे। इस दौरान धान से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे मौजूद लोगों और दुकानों को कुचलता हुआ सीधे मंदिर के मेन गेट तक जा पहुंचा। ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर की दीवार टूटकर गिर गई। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए। शुरुआती खबरों के मुताबिक करीब 40 से 50 लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान

जानकारी के मुताबिक, मरने वालों में महलगांव निवासी सतेंद्र सिंह गुर्जर उर्फ जगदीश सिंह, राजीव नगर निवासी सरला तोमर पत्नी राजेंद्र सिंह तोमर, खुरेरी के बड़ागांव निवासी गौरव परिहार पुत्र कमलेश परिहार, श्योपुर के सहसराम निवासी महेश शर्मा पुत्र मातादीन शर्मा, शिवपुरी जिले के महागावरा निवासी विमलेश और भितरवार के मावटा निवासी देवेश बघेल पुत्र हरिसिंह बघेल शामिल हैं।

इसके अलावा, अन्य मृतकों में ठाठीपुर निवासी प्रिंस उर्फ छोटू जाटव पुत्र संतोष जाटव, श्योपुर के सहसराम निवाीस शौर्य शर्मा पुत्र संजय शर्मा, शिवनगर गदाईपुरा के हेमंत राठौर पुत्र बंटी राठौर, महेशपुरा के दिव्यांश कुशवाह पुत्र अशोक कुशवाह और गदाईपुरा के पवन राठौर पुत्र विद्याराम राठौर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिए विस्तृत जांच के निर्देश

ग्वालियर हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा, “ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुई घटना में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सीएसपी को तत्काल हटाने एवं तीन थाना प्रभारियों, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षकों को निलंबित करने तथा घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सभी नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जनसुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

प्रधानमंत्री मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान

इस हादसे को लेकर PMO ने ट्वीट कर जान गंवाने वालों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। PMO की तरफ से ट्वीट कर लिखा गया कि “मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।

प्रधानमंत्री @narendramodi ने घोषणा की है कि पीएमएनआरएफ (PMNRF) से जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।”

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।