मसूरी घूमने जा रहे 5 दोस्तों की थार डिवाइडर से टकराई, 3 की मौत और 2 घायल

Summary :

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रविवार सुबह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रविवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पांच दोस्त थार कार से आगरा से मसूरी घूमने के लिए निकले थे, तभी नागल थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बेलड़ा गोल चक्कर के पास उनकी अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।

भंडारे का खाने के बाद निकले थे मसूरी घूमने

जानकारी के मुताबिक, पांच दोस्त शनिवार रात करीब नौ बजे आगरा के कमला नगर स्थित रेणुका बाग कॉलोनी में भंडारे का खाना खाने के बाद थार कार से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। आखिर किसे पता था कि यह सफर उनके लिए आखिरी हो। इस हादसे में साहिल तिवारी, राहुल और सक्षम की मौत हो गई, जबकि सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घायल सचिन ने क्या बताया?

घायल सचिन वर्मा ने बताया कि वे पांचों दोस्त आगरा से मसूरी घूमने जा रहे थे और रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच घर से निकले थे। हादसे के समय सचिन सो रहा था और गाड़ी हेमंत चला रहा था। जब सचिन की आंख खुली, तो वह सड़क पर पड़ा हुआ था और पास में बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कार थी। फिलहाल पुलिस ने तीनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे से जुड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में 19 की मौत, 25 घायल, SIT करेगी जांच मुआवजे का ऐलान

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।