France Violance : फ्रांस में लगातार बढ़ती महंगाई और शिक्षा बजट में कटौती के खिलाफ छात्रों की अगुवाई में शुरू हुआ प्रदर्शन अब बेहद हिंसक और बेकाबू हो चुका है। शनिवार को पूरे देश में भड़की हिंसा के दौरान पुलिस ने 1,200 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया, जबकि हिंसक झड़पों में करीब 150 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
फ्रांस 24 की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री सेबस्टियन लेकोर्नू ने इन आंकड़ों की पुष्टि की है। अकेले पेरिस में रिकॉर्ड 855 लोगों को हिरासत में लिया गया। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज के अनुसार, देशभर में लगभग 5,50,000 लोग सड़कों पर उतरे, जिनमें से केवल पेरिस में 1,10,000 लोग शामिल थे।
143 साल पुराने टाउन हॉल में आग
पेरिस की डिप्टी मेयर लामिया अल अराजे ने शहर के हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि राजधानी ने हिंसा का ऐसा भयानक स्तर देखा है, जो शायद इससे पहले कभी नहीं दर्ज किया गया। प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई तोड़ाफोड़ और आगजनी के दौरान लिमोगेस शहर के 143 साल पुराने ऐतिहासिक टाउन हॉल में भीषण आग लग गई, जिसे बाद में कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया गया।
गृह मंत्री ने बताया कि तोड़फोड़ और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 400 लोगों को नामजद कर गिरफ्तार किया गया है।
‘उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा’- राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों
हिंसा पर कड़ा रुख अपनाते हुए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर साफ चेतावनी दी है। मैक्रों ने लिखा कि हमारे गणराज्य में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। जिन लोगों ने सरकारी संपत्तियों, प्रीफेक्चर और दुकानों में तोड़फोड़ की है और टाउन हॉल को लूटा है, उन पर मुकदमा चलेगा और कड़ी सजा दी जाएगी।
उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रख रहे पुलिस बलों का समर्थन करते हुए कहा कि पूरा देश शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों के अधिकार की रक्षा करेगा और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ एकजुट रहेगा।
यूरोप के अन्य देशों में भी तनाव
यह आंदोलन मूल रूप से छात्रों द्वारा स्कूलों की बदहाल स्थिति और पुलिस बल के प्रयोग के खिलाफ शुरू हुआ था, जो अब आम जनता की गिरती क्रय शक्ति का बड़ा मुद्दा बन चुका है।
खबरों के अनुसार, 2018 के चर्चित ‘येलो वेस्ट’ आंदोलन के प्रमुख चेहरे भी अब छात्रों के समर्थन में सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं। गौर करने वाली बात यह है कि फ्रांस की इस आग की लपटें पड़ोसी देशों तक भी पहुंच रही हैं, जहां बेल्जियम और इटली में भी महंगाई को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों की खबरें आई हैं।
यह भी पढ़ें – रूस से तेल खरीदने पर भारत को बड़ी राहत, ट्रंप ने टैरिफ लगाने का फैसला टाला; ये 5 देश लिस्ट से बाहर


Download Android App
Download iOS App




