मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में होली और रमजान जुम्मा के एक साथ पड़ने के कारण शहर की कुछ प्रमुख मस्जिदों में जुमे की नमाज का समय बदला गया है। यह कदम शांति व्यवस्था बनाए रखने और दोनों समुदायों के बीच सौहार्द्रपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। शहर की कई प्रमुख मस्जिदों में प्रशासन और मस्जिद के जिम्मेदारों के बीच हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि जुमे की नमाज़ का समय बढ़ाया जाएगा। बैठक में यह तय हुआ कि नमाज दोपहर बाद 1:30 बजे से दो बजे के बीच अदा की जाएगी। प्रशासन ने यह कदम इसलिए उठाया है कि दोनों समुदायों के धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे।
मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मस्जिद के प्रवेश द्वार पर 10-15 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाएगा, जो नमाजियों को मस्जिद के अंदर प्रवेश कराने के साथ-साथ अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने का काम करेंगे।
होली और जुम्मे को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त
इसके अलावा, मस्जिदों के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। पुलिस प्रशासन ने शहर के संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और सीसीटीवी कैमरों से पूरे शहर की निगरानी की जा रही है। नजीर मिया दरगाह मस्जिद के जिम्मेदार सय्यद सागर अली ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि सभी मस्जिदों में पूरी व्यवस्था की गई है, ताकि शांति बनी रहे। हम चाहते हैं कि इस पावन अवसर पर कोई भी अराजक तत्व गड़बड़ी न फैलाए। हमने अपने समाज के सभी लोगों से अपील की है कि होली और रमज़ान के इस मिलनसार मौके पर हम सभी शांति और भाईचारे के साथ रहें। हिन्दू समुदाय का होली का त्योहार रंगों से भरा होता है, और हम चाहते हैं कि यह त्योहार भी शांति और खुशी के साथ मनाया जाए।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की
पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने दोनों समुदायों से सौहार्द्र बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया है कि हर तरह के सुरक्षा उपायों के बावजूद किसी भी स्थिति में शांति की स्थिति बरकरार रखी जाएगी। बुरहानपुर प्रशासन ने इस बात की पूरी कोशिश की है कि होली और रमजान का यह पावन अवसर आपस में मिलकर मनाया जाए। सभी जिम्मेदार और प्रशासन के अधिकारियों ने इस बात का ध्यान रखा है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।


Download Android App
Download iOS App



