भोपाल में रिटायर्ड IAS अफसर की हत्या, केयरटेकर पर अटकी शक की सुई, जांच में जुटी पुलिस

Summary :

शुरुआती तफ्तीश में हत्या का शक महज तीन दिन पहले रखे गए घरेलू केयरटेकर पर जताया जा रहा है, जो वारदात के बाद से ही फरार है। मृतक अधिकारी की पत्नी ने सबसे पहले शव को देखा और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

Bhopal ex IAS Officer Death

Bhopal ex IAS Officer Death : भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित सूरज नगर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां रहने वाले सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके ही घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस को बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

केयरटेकर पर शक

शुरुआती तफ्तीश में हत्या का शक महज तीन दिन पहले रखे गए घरेलू केयरटेकर पर जताया जा रहा है, जो वारदात के बाद से ही फरार है। मृतक अधिकारी की पत्नी ने सबसे पहले शव को देखा और पुलिस को मामले की जानकारी दी।

टीटी नगर की एसीपी अंकिता खातरकर ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार केयरटेकर की पहचान वरुण के रूप में हुई है, जिसे तीन दिन पहले ही एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से काम पर रखा गया था। घटना के बाद से वरुण गायब है, जिससे उस पर शक गहरा गया है।

एसीपी के मुताबिक, ऐसा प्रतीत होता है कि धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या की गई है। हालांकि, मौत के सटीक कारणों और समय की पुष्टि के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

हत्या कर एलपीजी लीक कर भागा

मृतक अधिकारी की पत्नी के हवाले से पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद रसोई घर में एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर का नॉब खुला छोड़कर भाग गया था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उसकी मंशा घर में विस्फोट या आग लगाने की थी।

फिलहाल हत्या के पीछे के मुख्य कारणों और मकसद का पता नहीं चल सका है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार केयरटेकर की तलाश में जुट गई हैं। साथ ही उस एजेंसी का रिकॉर्ड और वेरिफिकेशन भी खंगाला जा रहा है, जिसके जरिए आरोपी को काम पर रखा गया था।

यह भी पढ़ें – Influencer Nidhi Tiwari Death: ‘लाइव में कही थी मूड ऑफ की बात…’, कौन हैं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी? फंदे से लटका मिला शव

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।