Influencer Nidhi Tiwari Death: मध्य प्रदेश के सिंगरौली की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ब्यूटी कॉन्टेस्ट विनर निधि तिवारी की मौत का मामला सामने आया है। 30 वर्षीय निधि का शव रविवार सुबह भूसा मोड़ इलाके में स्थित उनके घर के एक कमरे में मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्होंने फांसी लगाकर जान दी है । लेकिन, पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय निधि घर की ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में थीं। परिवार के लोगों को जब कमरे का दरवाजा बंद मिला तो उन्होंने अन्य परिजनों को बुलाया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद निधि को कमरे से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सिंगरौली के एनसीएल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2024 में जीता था ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब
निधि तिवारी सोशल मीडिया पर काफी फेमस थीं। फेसबुक पर उनके करीब 9 लाख और इंस्टाग्राम पर करीब 7 लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं। वह रेगुलर रील्स और शॉर्ट वीडियो पोस्ट करती थीं और सोशल मीडिया लाइव के जरिए अपने फॉलोअर्स से बातचीत भी करती थीं।
निधि ने साल 2024 में ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब जीता था। इसके अलावा वह कई स्थानीय ब्यूटी कॉन्टेस्ट में भी हिस्सा ले चुकी थीं। उनका सपना फिल्म इंडस्ट्री में काम करना था। वह मॉडलिंग और एक्टिंग में अपना करियर बनाने की कोशिश कर रही थीं।
पुराना लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
निधि की मौत के बाद उनका एक पुराना लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपने फॉलोअर्स से सामान्य बातचीत करती नजर आती हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने शादी, रिश्ते, अकेलेपन और अपनी जिंदगी से जुड़े कई प्राइवेट विषयों पर बात की थी।
वीडियो में निधि देर रात तक जागने की आदत को लेकर बात करती हैं। वह मजाकिया अंदाज में कहती हैं कि जिन लोगों का बॉयफ्रेंड या पति होता है, वे देर रात तक जागते हैं, जबकि उनका ऐसा कोई रिश्ता नहीं है और इसलिए वह जल्दी सो जाती हैं।
लाइव के दौरान मूड को लेकर भी की थी बात
वीडियो के एक हिस्से में निधि अपने मूड और तनाव का जिक्र करती सुनाई देती हैं। वह कहती हैं कि उनका मूड ठीक नहीं है और वह अंदर से तनाव महसूस कर रही हैं। बातचीत में वह यह भी कहती हैं कि इंसान कई चीजें हासिल करने के बाद भी कुछ चीजों की कमी महसूस कर सकता है।
हालांकि, इस पुराने वीडियो को उनकी मौत की वजह से जोड़कर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पुलिस भी वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट को जांच का हिस्सा मानकर सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
मौत से पहले के सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच
निधि के सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े एक पुराने स्टेटस की भी चर्चा हो रही है। इसमें आत्मनिर्भर रहने, खुद से प्यार करने और खुद को समझने जैसी बातें लिखी थीं। मौत के बाद उनके फैंस इस पोस्ट को उनकी जिंदगी की परिस्थितियों से जोड़कर देख रहे हैं। मोरवा SHO डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना से पहले निधि किससे फोन पर बात कर रही थीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। परिवार और जानने वालों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही निधि तिवारी की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।


Download Android App
Download iOS App




