जबलपुर में सड़क दुर्घटना में सात कुंभ यात्रियों की मौत, सीएम मोहन यादव ने जताया शोक

Summary :

प्रयागराज से लौटते समय हादसे में सात कुंभ यात्रियों की मौत

मध्य प्रदेश के जबलपुर में मंगलवार की सुबह कुंभ यात्रियों का वाहन एक ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई है। राहत और बचाव कार्य जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे क्रमांक 30 पर मंगलवार को प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं का ट्रैवलर वाहन गलत साइड से चल रहे ट्रक से टकरा गया। इसके बाद दो अन्य कारें भी इस हादसे की चपेट में आईं। ट्रैवलर वाहन में सवार सात लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं।

बताया गया है कि यह हादसा सिहोरा गांव के पास हुआ है। ट्रैवलर वाहन में सवार लोग प्रयागराज से लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से गलत साइड पर चल रहे ट्रक से श्रद्धालुओं के वाहन की टक्कर हो गई। ट्रैवलर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं कई लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा, ट्रैवलर वाहन के पीछे चल रही कार भी हादसे का शिकार हुई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। हादसे का शिकार हुए लोग आंध्र प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जो ट्रैवलर वाहन हादसे का शिकार हुआ है, उसका नंबर आंध्र प्रदेश का है। इस वाहन में सवार लोग भी आंध्र प्रदेश के निवासी हैं। वहीं, ट्रैवलर वाहन के पीछे चल रही कार भी दुर्घटनाग्रस्त हुई, लेकिन एयर बैग की वजह से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

इस हादसे पर सीएम मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया, “जबलपुर जिले के सिहोरा में नागपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर प्रयागराज से वापस आ रही ट्रैवलर और ट्रक की भीषण सड़क दुर्घटना में आंध्रप्रदेश राज्य के तीर्थयात्रियों की असामयिक मृत्यु एवं घायल होने का समाचार अत्यंत ही दुखद है, मेरी संवेदनाएं सभी शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि घायलों का समुचित उपचार एवं सभी मृतकों के परिजनों से संपर्क कर पार्थिव देह को पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.