झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में गैरकानूनी पटाखा बनाने की एक फैक्ट्री में आग लगने से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गयी। अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी। कल आग लगने से छह लोग मारे गए थे और चार अन्य घायल हुए थे। घाटशिला के एसडीओ अरविंद कुमार लाल ने कहा कि कुमारडुबी गांव में स्थित फैक्ट्री के बाहर एक और शव पाया गया और कल देर रात अस्पताल में दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। आज तड़के आग पर काबू पाया गया।
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने कहा कि आग के कारण रसोई गैस के एक सिलिंडर में विस्फोट हो गया जिससे लोग मारे गए। उन्होंने मृतकों के परिवारवालों के लिए दो-दो लाख रुपये तथा घायलों के लिए 50,000-50,000 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने कहा कि कोल्हन के आयुक्त और पुलिस उपमहानिरीक्षक घटना की जांच करेंगे। रांची से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।