कालाहांडी शिक्षक अपहरण और हत्या मामले में ओडिशा सरकार की निष्क्रियता के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों ने बुधवार को पुरी में राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के काफिले पर अंडे फेंके। घटना सरकारी अस्पताल चौक के पास उस वक्त हुई जब पटनायक पुरी में 331 करोड़ रुपये की ‘हेरिटेज कॉरिडोर परियोजना’ के शिलान्यास समारोह में शामिल होने के बाद भुवनेश्वर लौट रहे थे।
BJP समर्थकों ने नवीन पटनायक के काफिले पर फेंके अंडे
पटनायक के काफिले के गुजरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे भी दिखाए। इससे पहले पुरी में बड़ा डंडा (ग्रैंड रोड) पर पटनायक को काले झंडे दिखाने के आरोप में भाजपा समर्थित भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) और कांग्रेस से जुड़े एनएसयूआई के तीन सदस्यों को हिरासत में लिया गया था।
दागी मंत्रियों पर कार्रवाई की हो रही मांग
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष इराशीष आचार्य ने भुवनेश्वर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जयंत दास के नेतृत्व में हमारे कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के काफिले को निशाना बनाकर अंडे फेंके हैं। यह विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक पटनायक अपने कुछ दागी मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते।’’ जगन्नाथ मंदिर के सामने ग्रैंड रोड पर गोबर मिश्रित पानी छिड़ककर भी विपक्षी कार्यकर्ताओं ने सड़क को ‘‘शुद्ध’’ किया और दावा किया कि शिलान्यास समारोह में शामिल हुए राज्य के ‘‘दागी’’ मंत्रियों ने पवित्र पथ से गुजरकर इसे ‘‘अशुद्ध’’ कर दिया था।
बीके अरुखा के काफिले पर भी फेंके गए अंडे
शहर के बाहरी इलाके मालतीपतापुर के पास संसदीय कार्य मंत्री बीके अरुखा के काफिले पर भी अंडे फेंके गए। कालाहांडी में महिला शिक्षक के अपहरण और हत्या मामले में संलिप्तता के आरोप में गृह राज्य मंत्री डीएस मिश्रा को हटाने की मांग को लेकर विपक्षी दल कई हफ्तों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के काफिले पर हमले को लेकर पुलिस ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।


Download Android App
Download iOS App



