रांची, (वार्ता): झारखंड की राजधानी रांची में रघुवर सरकार के खिलाफ विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे विद्युतकर्मी और कांग्रेस कार्यकताओं के हंगामे से उत्पन्न स्थिति को नियंत्रित करने के लिये पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। विधानसभा के बाहर बिरसा चौक पर विद्युतकर्मी और आंगनबाड़ी की महिलायें प्रदर्शन कर रही थी इसी दौरान किसी ने पुलिस पर पथराव कर दिया जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिये लाठी चार्ज किया।
इसके कारण भगदड़ मच गयी और कई लोग घायल हो गये। लाठी चार्ज के बाद प्रदर्शन कर रहे विद्युतकर्मी और आंगनबाड़ी महिलाएं तो पीछे हट गयी लेकिन सैकड़ों की संख्या में वहां पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा की ओर जाने पर प्रयास करने लगे। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का पूरा प्रयास किया लेकिन स्थिति को अनियंत्रित होता देख पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता राज्य में छोटानागपुर काश्तकारी (सीएनटी) एवं संतालपरगना काश्तकारी (एसपीटी) अधिनियम संशोधन विधेयक, किसान आत्महत्या, धर्मान्तरण और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे को लेकर आज विधानसभा घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया था लेकिन पुलिस ने विधानसभा जाने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया।


Download Android App
Download iOS App



