कांग्रेस की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष प्रद्योत देब बर्मन ने दिया इस्तीफा, पार्टी नेताओं पर साधा निशाना

Summary :

कांग्रेस की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष प्रद्योत देब बर्मन ने मंगलवार को इस्तीफे की घोषणा की और आरोप लगाया कि पार्टी में भ्रष्ट लोगों को ऊंचे पदों पर बिठाया जा रहा है।

कांग्रेस की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष प्रद्योत देब बर्मन ने मंगलवार को इस्तीफे की घोषणा की और आरोप लगाया कि पार्टी में भ्रष्ट लोगों को ऊंचे पदों पर बिठाया जा रहा है। उन्होंने ट्विटर के जरिये अपने इस्तीफे की घोषणा की। फिलहाल कांग्रेस ने उनके इस्तीफे और आरोप पर कुछ भी कहने इनकार किया है। 
प्रद्योत देब ने कहा, ”आज जब मैं सोकर उठा तो बहुत सहज महसूस कर रहा हूं। आज के दिन की शुरुआत मैं झूठ बोलने वालों और अपराधियों को बिना सुने कर रहा हूं। आज मुझे यह फिक्र नहीं है कि मेरा कौन सा साथी मेरी पीठ में छुरा घोंपेगा। मुझे गोलबंदी नहीं करनी पड़ रही है, न ही मुझे हाईकमान से यह सुनना पड़ रहा है कि कैसे भ्रष्ट लोगों को पार्टी के ऊंचे पदों पर बिठाया जाए।” 

उन्होंने कहा, ”आज जब मैं सुबह सोकर उठा, मुझे एहसास हुआ कि इन गलत लोगों की वजह से मेरी सेहत और जिंदगी को कितना नुकसान हुआ। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मैं उन भ्रष्ट लोगों को पार्टी के ऊंचे पदों पर बिठाने के लिए तैयार नहीं था, जो हमारे प्रदेश को बर्बाद करेंगे।” बर्मन ने कहा, “मैंने कोशिश की और शायद मैं हार गया। लेकिन शुरू से ही इस लड़ाई में अकेला होने पर मैं कैसे जीत सकता था? “

Desk Team